brajesh upadhyay

brajesh upadhyay

सोमवार, 10 मार्च 2014

तीसरी बार स्विस ओपन ग्रांपि गोल्‍ड खिताब जीतना चाहेंगी साइना

बासेल। ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल से बाहर होने के बाद भारत की शीर्ष खिलाड़ी साइना नेहवाल मंगलवार से शुरू होने वाले स्विस ओपन ग्रांप्रि गोल्ड बैडमिंटन चैंपियनशिप का खिताब फिर से हासिल करने का प्रयास करेंगी। दो बार की चैंपियन साइना यहां 2011 व 2012 के खिताब जीत चुकी है और पिछले वर्ष यहां सेमीफाइनल तक पहुंची थी। उन्हें इस वर्ष छठी वरीयता दी गई है। ओलिंपिक कांस्य पदक विजेता साइना अपने अभियान की शुरुआत क्वालीफायर के खिलाफ करेंगी और उनका क्वार्टर फाइनल तक का सफर आसान लग रहा है। हालांकि क्वार्टर फाइनल में उनका संभवित सामना शीर्ष वरीयता प्राप्त चीन की यिहान वांग से हो सकता है। यिहान का साइना के खिलाफ जीत-हार का रिकॉर्ड 6-1 है। पिछला मुकाबला साइना ने पूर्व विश्व चैंपियन के रिटायर होने से जीता था। साइना की साथी खिलाड़ी पीवी सिंधू को सातवीं वरीयता मिली है। विश्व चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता सिंधू को ड्रॉ के दूसरे हाफ में रखा गया है। वे पहले ही दूसरे दौर में स्थान बना चुकी है। उनके पहले दौर की विपक्षी खिलाड़ी स्पेन की बीट्रिज कोरालेस इस टूर्नामेंट से हट गईं हैं। विश्व की नौंवे क्रम की सिंधू का क्वार्टर फाइनल में संभावित मुकाबला फॉर्म में चल रही चीन की शिजियान वांग से हो सकता है। वांग ने विश्व की नंबर एक खिलाड़ी ली झुरूई को हराकर ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप का खिताब जीता था। हालांकि सिंधू उन्होंने पहले हुए दो मुकाबलों में हरा चुकी हैं। महिला एकल वर्ग में एक अन्य भारतीय साइली राणे को पहले ही दौर में तीसरी वरीयता प्राप्त शिजियान से खेलना है। पुरुष वर्ग में पारूपल्ली कश्यप के लिए अपनी खोई लय हासिल करने का अच्छा मौका है। भारतीय खिलाड़ी को तीसरी वरीयता दी गई है और उनका क्वार्टर फाइनल तक का रास्ता आसान है। यहां उनका सामना शीर्ष वरीयता प्राप्त और विश्व के चौथे क्रम के जान ओ जोर्गेनसन से हो सकता है। भारत के युवा किदम्बी श्रीकांत को पांचवीं वरीयता दी गई है और वे अपना अभियान विश्व के 42वें क्रम के हेनरी हुर्सकीनेन के खिलाफ शुरू करेंगे। उनके अलावा आनंद पवार भी टूर्नामेंट में हिस्सा ले रहे हैं। महिला युगल वर्ग में ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा को सीधे मुख्य ड्रॉ में प्रवेश मिला है और अश्विनी मिश्रित युगल वर्ग में तरूण कोना के साथ हिस्सा लेंगी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें